मधेपुरा, 26 नवम्बर 2024
आर आर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्कूल, मधेपुरा में संविधान दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान के निर्माता, डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर, श्री राजेश कुमार राजू ने इस मौके पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें हमेशा अपने संविधान के प्रति ईमानदार रहना चाहिए और संविधान द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि हमें भारत के संविधान को सर्वोच्च मानते हुए उसे सच्ची निष्ठा के साथ मानना और पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर बच्चों को संविधान के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, यह बताया गया कि भारतीय संविधान विविधता में एकता का प्रतीक है, जो सभी धर्मों, वर्गों और समुदायों के लोगों को एक साथ जोड़ता है। यह संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, और भाईचारे के सिद्धांतों पर चलने की प्रेरणा देता है, ताकि हम सब मिलकर भारत को आगे बढ़ा सकें। संविधान दिवस के कार्यक्रम में बच्चों को संविधान प्रस्तावना के महत्व के बारे में भी बताया गया। उन्हें समझाया गया कि भारत का संविधान बनाना एक कठिन कार्य था, क्योंकि भारत एक विविधताओं से भरा देश है, जिसमें विभिन्न जातियाँ, धर्म और वर्ग के लोग रहते हैं, लेकिन संविधान सभी के लिए समान है। सभी नागरिकों, चाहे वह मजदूर हो या प्रधानमंत्री, संविधान के दायरे में रहकर ही कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकगण भी उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों को संविधान के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझाया। विद्यार्थियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और संविधान के महत्व को स्वीकार किया। संविधान दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना को और मजबूत किया।
0 टिप्पणियाँ