मधेपुरा : कुमारखंड प्रखंड के रहटा पंचायत के स्थित सोनापुर टोला कोहबारा वार्ड एक में डायरिया प्रभावित लोगों के इलाज के लिए 4 मेडिकल टीम कैंप कर रहे हैं। सोमवार को सीएस मिथिलेश कुमार ठाकुर डीपीएम प्रिंस कुमार के साथ प्रभावित गांव पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
सीएस ने अपने साथ लाए बिहारीगंज, मुरलीगंज एवं मुरहो पीएचसी के तीन अलग-अलग मेडिकल टीम को कुमारखंड सीएचसी के मेडिकल टीम के साथ प्रभावित गांव में कैंप लगाकर सभी परिवार में डोर टू डोर जाकर लोगों के स्वास्थ्य जांच का निर्देश दिया। प्रभावित गांव में पहुंचे मेडिकल टीम ने लोगों का इलाज शुरू कर दिया है। जिसमें कुमारखंड सीएचसी के मेडिकल टीम के डाक्टर इम्तियाज आलम, फर्मासिस्ट राजीव कुमार, एएनएम रेणू कुमारी एवं प्रियंका कुमारी एक जगह पर कैंप लगाकर पीड़ित लोगों का इलाज शुरू कर दिया है।
बताया गया कि 4 डायरिया पीड़ित व्यक्ति भोली यादव (75 वर्ष), विश्वनाथ यादव (60 वर्ष), डोमी यादव (50 वर्ष) एवं पप्पू यादव (22 वर्ष) को स्लाइन चढाया जा रहा है। इसके अलावा बिहारीगंज के मेडिकल टीम के डाक्टर प्रभाष कुमार, डाॅ एकराम, एएनएम शीला कुमारी, अरविंद कुमार, मुरलीगंज के मेडिकल टीम के डाॅ सुधांशु कुमार, फर्मासिस्ट हीरालाल सिंह, एएनएम सुषमा कुमारी, मुरहो के मेडिकल टीम के डॉ. रूपा गुप्ता एवं फर्मासिस्ट अंकेश मणि के द्वारा गांव में डोर टू डोर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। सीएस के द्वारा मेडिकल टीम को गांव के सभी परिवार में डोर टू डोर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने का निर्देश दिया गया है और किसी भी व्यक्ति में डायरिया के लक्षण पाए जाने पर उसे कैंप में ले जाकर तत्काल समुचित इलाज शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
मालूम हो कि 27 अगस्त से दो सितंबर के बीच डायरिया की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो चुकी है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आकर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित गांव में कैंप लगाकर लोगों का स्वास्थ्य जांच के साथ समुचित इलाज शुरू कर दिया। सिविल सर्जन मिथिलेश ठाकुर ने बताया कि प्रभावित गांव में मेडिकल टीम को लगा दिया गया है और प्रभावित गांव के सभी परिवार में डोर टू डोर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। इलाज के साथ समुचित सलाह दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि उनके द्वारा लोगों से साफ सफाई पर ध्यान देने, ताजा भोजन करने, पानी उबाल कर पीने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि अभी स्थिति नियंत्रण में है और लोगों का स्वास्थ्य जांच के साथ समुचित इलाज शुरू कर दिया गया है। मौके पर डीपीएम प्रिंस कुमार, बीएचएम अरुण कुमार के अलावा चारों मेडिकल टीम के सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद थे।
0 टिप्पणियाँ